रांची: झारखंड की राजधानी रांची में बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है। बिरसा वेटनरी कॉलेज के गिनी फाउल (चाइनीज मुर्गी) फार्म में बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि होने के बाद पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कई कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
गिनी फाउल फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि
कुछ दिनों से फार्म में रोजाना कई मुर्गियों की मौत हो रही थी, जिससे अधिकारियों को संक्रमण की आशंका हुई। छह फरवरी को मुर्गियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल भेजे गए, जहां 7 फरवरी को बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि हुई। इसके बाद आपातकालीन कार्रवाई करते हुए संक्रमित फार्म को सैनिटाइज किया गया और वहां उपयोग में लाई जाने वाली सामग्रियों को जला दिया गया।
संक्रमण रोकने के लिए सख्त कदम
वायरस के फैलाव को रोकने के लिए पशुपालन निदेशक किरण कुमार पासी ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जिला पशुपालन पदाधिकारी को वेटनरी कॉलेज के फार्म में बची हुई मुर्गियों को मारकर सुरक्षित तरीके से निष्पादित करने के आदेश दिए हैं।
महिला कर्मचारियों का सैंपल लिया गया
फार्म में काम करने वाली दो महिला कर्मियों का सैंपल लेकर उनकी जांच कराई गई है। एहतियात के तौर पर उन्हें आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
प्रवासी पक्षियों पर कड़ी निगरानी
रांची में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद पशुपालन विभाग ने 340 सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। इनमें उधवा पक्षी अभयारण्य में आए प्रवासी पक्षियों के मल और नेजल स्वाब के नमूने भी शामिल हैं। पशुपालन विभाग अब राज्य की सीमाओं पर कड़ी निगरानी कर रहा है, ताकि बाहरी राज्यों से आने वाले पक्षियों और पशुओं के जरिए संक्रमण न फैले।
एक्शन प्लान: संक्रमण मुक्त करने की प्रक्रिया शुरू
संक्रमण के नियंत्रण के लिए एक्शन प्लान के तहत प्रभावित क्षेत्र को 1 किलोमीटर के दायरे में हाई-रिस्क जोन और 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस जोन घोषित किया गया है। वैज्ञानिकों की टीम संक्रमित क्षेत्र को पूरी तरह सैनिटाइज करने में जुटी हुई है।
जनता से सतर्कता बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे संक्रमित क्षेत्र के आसपास न जाएं और किसी भी प्रकार की बीमार मुर्गी या पक्षी देखने पर तुरंत पशुपालन विभाग को सूचित करें।
रांची में बर्ड फ्लू की दस्तक के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
ये भी खबर पढ़ें:
ये भी खबर पढ़ें:
https://indiafirst.news/danger-of-bird-flu-spreading-in-ranchi
Leave a Reply