News Desk: प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ 2025 की भव्यता इस बार पूरे विश्व में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। देशभर से श्रद्धालु संगम नगरी पहुंच रहे हैं और आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। अब तक 54 करोड़ से अधिक श्रद्धालु महाकुंभ में स्नान कर चुके हैं, जिनमें आम लोगों से लेकर राजनीति, उद्योग, कला और फिल्म जगत की तमाम हस्तियां शामिल हैं।
संगम में उतरी सियासत की गंगा
इस ऐतिहासिक महाकुंभ में भारतीय राजनीति के कई दिग्गजों ने आस्था की डुबकी लगाई। महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने कुंभ में स्नान कर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की।
इसके अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी संगम में स्नान किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पूरी कैबिनेट के साथ संगम में डुबकी लगाई, जबकि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी इस महायज्ञ के साक्षी बने।
विपक्ष के नेताओं ने भी दिखाई आस्था
केवल सत्ताधारी दल ही नहीं, बल्कि विपक्षी नेता भी इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बने। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने बेटे अर्जुन के साथ स्नान किया, वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने अपने पुत्र के साथ संगम में आस्था की डुबकी लगाई। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और कांग्रेस नेता सचिन पायलट भी कुंभ में शामिल हुए।
उद्योग जगत की दिग्गज हस्तियां भी पहुंचीं कुंभ
देश के बड़े उद्योगपतियों ने भी इस आध्यात्मिक अवसर पर कुंभ में अपनी आस्था प्रकट की। रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी अपने पुत्र आकाश और अनंत अंबानी के साथ पहुंचे, जबकि गौतम अडानी ने अपनी पत्नी प्रीति अडानी के साथ संगम में स्नान किया। इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति तथा अनिल अंबानी भी कुंभ पहुंचे और संगम में आस्था की डुबकी लगाई।
बॉलीवुड और क्रिकेट जगत की चमक
महाकुंभ में बॉलीवुड सितारों और खेल जगत के दिग्गजों का भी तांता लगा रहा। क्रिकेट जगत से पूर्व खिलाड़ी अनिल कुंबले, सुरेश रैना और मयंक अग्रवाल ने कुंभ स्नान किया। वहीं, बॉलीवुड से सुनील शेट्टी, विक्की कौशल, राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा, नीना गुप्ता, अनुपम खेर, हेमा मालिनी, एकता कपूर, ईशा कोप्पिकर, मिलिंद सोमन, ईशा गुप्ता, सुनील ग्रोवर, विद्युत जामवाल, आशुतोष राणा, भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल निरहुआ और साउथ अभिनेत्री श्रीनिधि शेट्टी ने भी महाकुंभ में डुबकी लगाई।
महाकुंभ एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक संगम
प्रयागराज का महाकुंभ इस बार न सिर्फ भव्यता और दिव्यता का प्रतीक बना, बल्कि यह सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी दे रहा है। श्रद्धालु गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य प्राप्त कर रहे हैं। इस कुंभ ने एक बार फिर से दुनिया को भारतीय संस्कृति और अध्यात्म की शक्ति से परिचित कराया है।
महाकुंभ का यह आयोजन भविष्य में भी आस्था, आध्यात्मिकता और संस्कृति का सबसे बड़ा प्रतीक बना रहेगा।
ये भी खबर पढ़ें:
https://indiafirst.news/mahakumbh-the-confluence-of-politics-and-stars
Leave a Reply