नई दिल्ली: दिल्ली में सत्ता परिवर्तन की तैयारियां जोरों पर हैं। विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नई सरकार के गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटी है। मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर गहन चर्चा चल रही है, वहीं शपथ ग्रहण समारोह के लिए 13 फरवरी के बाद की तारीख तय की जा सकती है।
पीएम मोदी की मौजूदगी तय करने की कोशिश
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 से 13 फरवरी तक फ्रांस और अमेरिका के दौरे पर रहेंगे। भाजपा चाहती है कि नई सरकार के शपथ ग्रहण में पीएम मोदी भी मौजूद रहें। इसी वजह से शपथ ग्रहण की तारीख 13 फरवरी के बाद रखी जा सकती है। इस बीच, मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के चयन को लेकर पार्टी आलाकमान में बैठकों का दौर जारी है।
सीएम पद को लेकर भाजपा में मंथन जारी
रविवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा हुई। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अभी कुछ और बैठकें होने की संभावना है, जिसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पद के लिए कई नाम चर्चा में हैं, जिनमें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। इसके अलावा, पार्टी किसी दलित नेता को भी इस पद की जिम्मेदारी दे सकती है या फिर अन्य राज्यों की तरह दिल्ली में भी कोई लो-प्रोफाइल नेता मुख्यमंत्री बन सकता है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
“शीशमहल” में नहीं रहेगा नया मुख्यमंत्री
दिल्ली चुनाव के दौरान चर्चा में रहा 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित अरविंद केजरीवाल का सरकारी आवास चुनाव के बाद भी सुर्खियों में है। भाजपा ने इसे “शीशमहल” करार दिया था और अब फैसला किया गया है कि नया मुख्यमंत्री इस बंगले में नहीं रहेगा। पार्टी इसे अस्थायी रूप से जनता से मुलाकातों के लिए खाली भी रख सकती है।
विजय रैलियों का दौर जारी, लड्डू बांटकर जनता का आभार
भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद नवनिर्वाचित विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में विजय रैलियां निकाल रहे हैं।
- करावल नगर से कपिल मिश्रा,
- आदर्श नगर से राजकुमार भाटिया,
- जंगपुरा से तरविंदर सिंह मारवाह,
- मालवीय नगर से सतीश उपाध्याय
सहित कई विधायकों ने अपनी जीत के बाद जनता को धन्यवाद दिया।
विजेता उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने अपने समर्थकों को लड्डू खिलाकर जीत की खुशी मनाई और कहा, “यह जीत दिल्ली के हर नागरिक की है। प्रधानमंत्री मोदी के विजन और दिल्लीवासियों के समर्थन ने इसे संभव बनाया है।”
भ्रष्टाचार पर खुलेंगे राज!
वहीं, रोहिणी विधानसभा से विजेंद्र गुप्ता ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात की और भावी नीतियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, “जैसे ही विधानसभा में सीएजी की 14 रिपोर्ट्स पेश होंगी, आम आदमी पार्टी सरकार के भ्रष्टाचार का काला चिट्ठा सबके सामने आ जाएगा।”
आगे क्या ? CM के नाम की घोषणा जल्द होने की उम्मीद
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा जल्द होने की उम्मीद है। भाजपा रणनीतिक रूप से यह सुनिश्चित करने में लगी है कि पार्टी का यह ऐतिहासिक मौका प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में भव्य तरीके से मनाया जाए। अब देखना यह होगा कि दिल्ली की सत्ता की कमान किसे सौंपी जाती है और भाजपा की नई सरकार राजधानी के लिए क्या नीतियां अपनाती है।
ये भी खबर पढ़ें:
ये भी खबर पढ़ें:
ये भी खबर पढ़ें:
https://indiafirst.news/new-government-inaugurated-in-delhi
Leave a Reply